पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शनिवार को बेंगाबा

छोटकी खरगडीहा में तालाब बनी सड़क पर मछली छोड़कर ग्रामीणों ने जगाई विभाग की नींद

मनीष मंडल/न्यूज 11 भारत  बेंगाबाद/डेस्क: पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शनिवार को बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत छोटकी खरगडीहा में ग्रामीणों ने जर्जर सड़क की समस्या को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. कार्यक्रम की अगुवाई स्थानीय मुखिया सुनीता देवी ने की.

ग्राम पंचायत छोटकी खरगडीहा के बनहती से छोटकी खरगडीहा रोड की स्थिति बेहद खराब है. छोटकी खरगडीहा चौक से पंचायत सचिवालय तक जाने वाली इस सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं और उनमें पानी भर जाने से कई तालाब बन गए हैं. बरसात में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है.

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की जानकारी विभाग को पत्र के माध्यम से, अखबार और प्रेस मीडिया के जरिए तथा दूरभाष पर कई बार दी गई, लेकिन विभाग के अधिकारी अब भी "कुंभकरणी नींद" में सोए हुए हैं. विभाग को जगाने के लिए आज ग्रामीणों ने सड़क पर बने तालाब में जिरा मछली का बच्चा डालकर विरोध प्रदर्शन किया.

मुखिया सुनीता देवी ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के अंदर सड़क की मरम्मती का काम शुरू नहीं किया गया तो पंचायत से जुड़े सभी ग्रामीणों के साथ मिलकर संबंधित विभाग के कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी. उन्होंने कहा कि तब तक किसी भी अधिकारी को कार्यालय में बैठने नहीं दिया जाएगा और इसके लिए विभाग स्वयं जिम्मेदार होगा.

इस कार्यक्रम में पूर्व मुखिया महेंद्र प्रसाद वर्मा, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि समसुद्दीन अंसारी, राजू साव, प्रमोद पंडित, अर्जुन पंडित, पुराण पंडित, रामेश्वर पंडित, कादिर अंसारी, ईश्वर पंडित, केवल पंडित, भोला यादव, अरुण कुमार, शंकर वर्मा, अजय पंडित, बलदेव वर्मा, सतीश प्रजापति, सुदामा पंडित, हेमलाल पंडित, राम प्रसाद साव, डेगन साव, संजीत बर्मा, आदित्य पंडित, नरेश पंडित, मिष्टी देवी, रेखा देवी, कंचन वर्मा, प्रतिमा स्वराज, आराधना वर्मा, अंजु देवी सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित थे.