चालक की मौत के बाद परिजनों का आक्रोश, 30 हजार नकद,

एनएच-75 हुटाप नर्सरी के समीप सड़क को शव रखकर ग्रामीणों ने किया जाम, चंदवा में दो घंटे तक लगा रहा जाम

राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत चंदवा/डेस्क: रविवार की दोपहर एनएच-75 पर हुटाप नर्सरी के समीप ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक लल्लू लोहरा का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब दो घंटे तक आवागमन ठप रहा. गौरतलब हो कि शनिवार की संध्या सरहुल पर्व मनाकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वाहन ने विपरीत दिशा से आ रही टेंम्पो के बीच हुए जोरदार टक्कर में टेंम्पो चालक लल्लू लोहरा ग्राम हुटाप की मौके पर ही मौत हो गई थी वही पिकअप में सवार 6 लोगो भी घायल हो गए थे. वही पिकअप चालक राजकुमार गंझू रिम्स रेफर हो गया था.  रविवार को पोस्टमार्टम के बाद लल्लू लोहरा का शव जैसे ही गाँव पहुँचा, ग्रामीणों व परिजनों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया. परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था. मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है. उसकी पत्नी सहिया के रूप में कार्यरत है. जिससे परिवार पर अचानक आर्थिक संकट गहरा गया है. सड़क जाम की जानकारी मिलते ही सीओ सुमित कुमार झा और पुनि रंधीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर जाम हटाने का प्रयास किया. जाम स्थल पर मुखिया सुखनारायण सिंह भी मौजूद रहे. उनकी मध्यस्थता में कई दौर की बातचीत हुई. परिजनों ने प्रशासन को एक लिखित मांगपत्र सौंपते हुए तत्काल 30 हजार रुपये नकद सहायता, मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी, उचित मुआवजा तथा अन्य सरकारी सहायता की मांग की.  इसके अलावे परिजन मांग कर रहे थे कि सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले लल्लू लोहरा के परिवार को तुरंत राहत दी जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो. परिजनों का कहना था कि परिवार की पूरी जिम्मेदारी अब पत्नी पर आ गई है, ऐसे में आर्थिक मदद मिलना बेहद जरूरी है. सीओ सुमित कुमार झा ने मांगपत्र स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि सरकारी प्रावधानों के तहत मृतक के आश्रितों को हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले को आगे बढ़ाया जाएगा और प्रक्रिया के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. प्रशासनिक आश्वासन के बाद धीरे-धीरे जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका. ये भी पढ़ें- रांची के पुंदाग में पेट्रोल पंप पर लूट, हथियार के बल पर 59,500 रुपए लूटकर फरार हुए बाइक सवार अपराधी