ग्रामीणों ने गिरदा ओपी प्रभारी पर लगाया 1 लाख रुपए घूस लेने का आरोप, एसपी ने दिए जांच के आदेश
आशिष शास्त्री/न्यूज11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: आम जनता से संबंध सुधारने के लिए प्रयास में लगी सिमडेगा पुलिस अब सवालों के घेरे में आ गई है. सिमडेगा में पुलिस की खाकी पर ग्रामीणों ने लगाए कई आरोपों के दाग. दरअसल आज सिमडेगा एसपी कार्यालय में बानो के गिरदा ओपी क्षेत्र के कई ग्रामीण पहुंचे और गिरदा ओपी प्रभारी विद्या सागर चौरसिया के खिलाफ लिखित शिकायत करते हुए बताया कि गिरदा ओपी ग्रामीणों को बेवजह परेशान करते हुए अनाप शनाप पैसे लेते हैं जिससे ग्रामीण काफी त्रस्त हो गए हैं. ग्रामीणों ने बताया कि जोशपा टुडू प्रखंड प्रशासन से परमिशन लेकर एक आम का पेड़ जलावन के लिए कटवाए थे,और लकड़ी ट्रैक्टर में लेजाने के लिए लाद रहे थे. इसी दौरान ओपी प्रभारी उनको धमकाते हुए लकड़ी और ट्रैक्टर जब्त कर लिया और छोड़ने के एवज में एक लाख रुपए घूस लिए.
ग्रामीणों द्वारा ओपी प्रभारी पर पैसे लेने के गंभीर आरोप को सुनकर एसपी सिमडेगा श्रीकांत एस खोटरे ने तुरंत एडीपीओ को मामले के जांच करने का आदेश दिए हैं. एसपी ने कहा कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी.
ग्रामीणों द्वारा ओपी प्रभारी पर लगाए गए आरोप निश्चित रूप से काफी गंभीर मामला है. ओपी प्रभारी के विरुद्ध शिकायत करने की हिम्मत ग्रामीणों ने दिखाई है, अब ये देखना होगा कि जांच के बाद इस मामले में किस तरह की कार्रवाई होती है. लेकिन इस तरह के मामले जनता से संबंध सुधारने के दावे करने वाले झारखंड पुलिस के लिए भी चिंता का विषय है.
यह भी पढ़ें: तमाड़ प्रखंड कार्यालय परिसर में नहीं है पेयजल की सुविधा, शौचालय में गंदगी का रहता है अंबार