मेडिकल कॉलेज के पास रेकी करता शातिर चोर गिरफ्तार स्कूल से चुराए दो गैस सिलेंडर बरामद
न्यूज़11 भारत पलामू/डेस्क: पलामू जिले के सदर थाना पुलिस ने मेडिकल कॉलेज के समीप चोरी की नीयत से घूम रहे एक शातिर चोर को संदिग्ध परिस्थिति में गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के दो गैस सिलेंडर भी बरामद किए हैं जिन्हें उसने कुछ दिन पहले अपने साथियों के साथ मिलकर एक स्कूल से चुराया था.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक चोरी की योजना के साथ मेडिकल कॉलेज के आसपास मंडरा रहा है. सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मेडिकल कॉलेज के पास से कचरवा टोला (बारालोटा) निवासी रमा भुइयां उर्फ बुचन भुइयां को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह मेडिकल कॉलेज में चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए रेकी कर रहा था.
आरोपी ने पुलिस के समक्ष यह भी कबूल किया कि वह पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है. उसने जानकारी दी कि कुछ दिन पूर्व उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रजवाडीह स्कूल से गैस सिलेंडरों की चोरी की थी लेकिन कोई खरीदार न मिलने के कारण उन्हें छिपाकर रख दिया था. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दोनों सिलेंडरों को जब्त कर लिया है. इस छापेमारी अभियान में सब इंस्पेक्टर टेरेसा मिंज, पंकज कुमार तिवारी, सुजित कुमार पाण्डेय, नबी अंसारी और पुलिस बल के जवान शामिल थे.