राजधानी रांची के राज हॉस्पिटल में सोमवार को उस समय

रांची के राज हॉस्पिटल में जमकर हंगामा, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप; 16 लाख का बिल, मरीज वेंटिलेटर पर

न्यूज11 भारत रांची/डेस्क: राजधानी रांची के राज हॉस्पिटल में सोमवार को उस समय जमकर हंगामा हो गया, जब 18 वर्षीय मरीज राजू कुमार के परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया.

परिजनों के अनुसार, राजू कुमार को पैर टूटने के बाद इलाज के लिए पिछले मई महीने में राज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. उनका आरोप है कि पैर की चोट के इलाज के दौरान संक्रमण (इन्फेक्शन) बढ़ते-बढ़ते सिर तक कैसे पहुंच गया, इस पर अस्पताल प्रबंधन संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा है.

परिजनों का यह भी कहना है कि मरीज पिछले कई महीनों से अस्पताल में भर्ती है और अब तक अस्पताल की ओर से करीब 16 लाख रुपये का बिल बनाया जा चुका है. इसके बावजूद मरीज की हालत में सुधार नहीं हुआ और अब उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. परिजनों का आरोप है कि जब मरीज की हालत ज्यादा बिगड़ गई तो अस्पताल प्रबंधन ने उसे दूसरे अस्पताल रेफर करने की बात कही. फिलहाल 18 वर्षीय राजू कुमार राज हॉस्पिटल के वेंटिलेटर पर भर्ती है और उसका इलाज जारी है.

घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराने के साथ पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है. हालांकि, इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

यह भी पढ़ें: सिक्का गांव पहुंचे जदयू जिलाध्यक्ष, शोकाकुल परिवारों को बंधाया ढांढस