पलामू में अज्ञात अपराधियों का तांडव, लेवी नहीं देने पर मजदूरों पर जानलेवा हमला
संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के महुदंड पंचायत के प्रतापपुर गाँव में स्थित बहुउद्देशीय सेंटर भवन निर्माण कार्य स्थल पर अज्ञात हथियारबंद दो अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया. इन अपराधियों ने निर्माण कार्य में लगे मजदूरों पर हमला किया और मारपीट की, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त हो गया.
तीन मजदूर घायल, अस्पताल में भर्ती
अपराधियों के इस हमले में तीन मजदूर घायल हो गए हैं. उन्हें तत्काल इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि घायल मजदूर डालटनगंज क्षेत्र के निवासी हैं. दहशत फैलाने के लिए निर्माण स्थल पर बाइक को किया आग के हवाले अपराधियों ने अपनी मंशा और दहशत को और बढ़ाने के लिए निर्माण स्थल पर खड़ी एक मोटरसाइकिल को भी जलाकर राख कर दिया. इस कृत्य से स्पष्ट होता है कि यह हमला गुंडागर्दी और आपराधिक रंगदारी से जुड़ा हुआ था.
हमले की वजह 'लेवी' की मांग बताई जा रही है
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे तांडव के पीछे मुख्य कारण 'लेवी' (रंगदारी या प्रोटेक्शन मनी) की मांग है. ऐसा अंदेशा है कि अपराधियों ने निर्माण कार्य को जारी रखने के एवज में पैसा माँगा था, और मांग पूरी न होने पर उन्होंने मजदूरों पर हमला कर काम रुकवाने की कोशिश की.
हुसैनाबाद पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह अज्ञात अपराधी कौन हैं और इस घटना के पीछे किसी आपराधिक संगठन का हाथ है या नहीं. पुलिस ने जल्द ही अपराधियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है. फिलहाल पूरे मामले में पुलिस जांच पड़ताल में जुड़ गई है
यह भी पढ़ें: गोपालगंज के बनौरा गांव में BJP-RJD में ठनी, चुनावी रंजिश में भिड़े समर्थक