झारखंड

हजारीबाग सड़क हादसे में बहरागोड़ा के दो युवकों की मौत, गांव में पसरा मातम

न्यूज 11 भारत  बहरागोड़ा/डेस्क: बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत भूतिया पंचायत के चंद्रपुर गांव के दो युवकों की हजारीबाग के पास चरही में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई. घटना के बाद गांव में शोक की लहर है. जानकारी के अनुसार चंद्रपुर निवासी चालक सोना राम सोरेन (30) और उपचालक रविंद्र नाथ मांडी (22) पिकअप वैन (जेएच05डीयू-0147) से घाटशिला से कच्चा आम लादकर बिहार जा रहे थे. इसी दौरान चरही ओवरब्रिज के पास एनएच-33 पर शुक्रवार देर रात करीब 2:30 बजे उनकी गाड़ी किसी अज्ञात वाहन के पीछे जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

घटना में चालक सोना राम सोरेन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उपचालक रविंद्र नाथ मांडी गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. बाद में बेहतर इलाज के लिए रांची सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई. चरही पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया.

दोनों युवकों के छोटे-छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि सोना राम सोरेन का 2 वर्षीय बेटा है, जबकि रविंद्र नाथ मांडी की 6 माह की एक बेटी है. हादसे के बाद दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया.ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवक मजदूरी और ड्राइविंग कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके माता-पिता भी बुजुर्ग हैं. ऐसे में अब परिवार के सामने रोजी-रोटी और बच्चों के पालन-पोषण की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है.ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की है.

यह भी पढ़ें: भव्य कलश यात्रा के साथ चौपारण में शुरू हुई श्री श्री 108 मां भगवती एवं हनुमान प्राण प्रतिष्ठा वार्षिकोत्सव महायज्ञ