विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 को लेकर चंदनकियारी में बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण संपन्न
ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज11 भारत चंदनकियारी/डेस्क: सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह चंदनकियारी प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में प्रखंड सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम-2026 के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान 37 चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 213 से 312 तक के सभी बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को SIR के अंतर्गत मतदाताओं की मैपिंग, गणना प्रपत्र (Enumeration Form) अपलोड करने की प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, मतदाताओं को आवश्यक सहायता प्रदान करने, ASDD मामलों की पहचान एवं सत्यापन सहित संपूर्ण पुनरीक्षण प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया. बीडीओ अजय कुमार वर्मा ने सभी बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को निर्धारित समय-सीमा और प्रक्रिया का पूर्ण पालन करते हुए कार्य निष्पादन करने का निर्देश दिया, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके. उन्होंने बताया कि राज्यभर में बीएलओ द्वारा 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक घर-घर भ्रमण कर गणना प्रपत्रों का विवरण संग्रहण एवं ईसीआईनेट (ECINet) में अपलोड किया जाएगा. इसके पश्चात 5 अगस्त 2026 को प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा.