चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोदा पंचायत के लुकुईया

चंदवा के डैम के मेढ़ से पलटा ट्रैक्टर, मालिक-सह-चालक की मौत, एक घायल

राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत  चंदवा/डेस्क: चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोदा पंचायत के लुकुईया तार बांध डैम के समीप शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. डैम के मेढ़ पर चल रहा एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे ट्रैक्टर के नीचे दबकर दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर डैम के मेढ़ से गुजर रहा था, तभी चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और ट्रैक्टर पलटते हुए नीचे जा गिरा. हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दब जाने से दो लोग फंस गए. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया.

स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से दोनों घायलों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला गया. लेकिन गंभीर रूप से घायल अलखडीहा निवासी उमेश गंझू, जो ट्रैक्टर के मालिक एवं चालक भी थे, की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं दूसरे घायल संदीप गंझू को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है.

घटना की सूचना मिलने पर चंदवा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि डैम के मेढ़ पर ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.