टोरी आरओबी निर्माण संघर्ष समिति का गठन, 7 जून को एकदिवसीय धरना का निर्णय
राहुल कुमार/न्यूज11 भारत चंदवा/डेस्क: टोरी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य में हो रही देरी और इससे उत्पन्न जनसमस्याओं को लेकर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में टोरी आरओबी निर्माण संघर्ष समिति का गठन किया गया. बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर आरओबी निर्माण की मांग को लेकर एकजुटता दिखाई.
बैठक में लातेहार जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी विशेष रूप से उपस्थित रहीं. चर्चा के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि टोरी आरओबी निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने और आम जनता की समस्याओं को सरकार एवं रेलवे प्रशासन तक पहुंचाने के लिए 7 जून को टोरी रेलवे परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. वक्ताओं ने कहा कि टोरी रेलवे फाटक पर आरओबी निर्माण में हो रही अनावश्यक देरी के कारण आम जनता, व्यवसायियों, विद्यार्थियों, मरीजों और यात्रियों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. लंबे जाम और आवागमन में होने वाली बाधाओं से लोगों का समय और संसाधन दोनों प्रभावित हो रहे हैं.
बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि संबंधित विभागों और प्रशासन द्वारा शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो संघर्ष समिति चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी और आगे की रणनीति की घोषणा की जाएगी. संघर्ष समिति ने क्षेत्र के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से 7 जून को आयोजित धरना कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की. बैठक में मुख्य रूप से संतोष सिंह, प्रखंड उप प्रमुख अश्विनी मिश्रा, झामुमो नेता सौरभ श्रीवास्तव, दिलीप पांडेय, विक्रांत सिंह, दीपक भगत, सरोज देवी समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे.