फर्जी कॉल कर अस्पताल बंद कराने की धमकी, पैसे की मांग, झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी ने जारी किया अलर्ट
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: झारखंड में आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से जुड़े अस्पतालों को फर्जी कॉल कर धमकाने और पैसे मांगने का मामला सामने आया है. इस मामले में अस्पताल प्रबंधन द्वारा नेशनल इंश्योरेंस कंपनी को ईमेल कर शिकायत की गई है, जिसके बाद मामला झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी तक पहुंचा है. इस संबंध में सोसाइटी के द्वारा अस्पताल प्रबंधन से ऐसे झांसे में ना आने की अपील की गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंधड़ा हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि वरुण मुंधड़ा ने शिकायत में बताया कि 25 मार्च 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे उन्हें एक फोन कॉल आया. फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम अजय अग्रवाल (फोन नंबर 9336118197) बताया और खुद को पीएमजेएवाई का नोडल ऑफिसर बताते हुए कहा कि वह स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव के अधीन काम करता है. फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि अस्पताल के खिलाफ 256 पेज की शिकायत प्राप्त हुई है, जिसकी जांच के लिए केंद्रीय टीम अस्पताल आने वाली है. इसके बाद उसने शिकायत की कॉपी दिलाने और मामला मैनेज करने के नाम पर “खर्चा पानी” की मांग की और पैसे ऑनलाइन ट्रांसफर करने के लिए कहा. अस्पताल प्रबंधन को मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों और नेशनल इंश्योरेंस कंपनी को दी गई. नेशनल इंश्योरेंस कंपनी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी को ईमेल लिखकर जांच और आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है. इस संबंध में झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी के कार्यकारी निदेशक श्री छवि रंजन ने सभी अस्पतालों और आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अधिकारी बनकर इस तरह का फोन करे, धमकाए या पैसे की मांग करे तो उसके झांसे में नहीं आएं और तुरंत इसकी सूचना तथ्यों के साथ नामकुम स्थित झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी को दें. उन्होंने कहा कि इस तरह के फर्जी कॉल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. स्वास्थ्य विभाग ने भी अस्पतालों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल की सूचना तुरंत निकटतम थाने को देने को कहा है. ये भी पढ़ें- ADR Report: वित्तीय वर्ष 2024-25 में BJP को मिला 6074 करोड़ रुपए का चंदा, कांग्रेस को 517.39 करोड़ का डोनेशन