गढ़वा का ये कांस्टेबल कोर्ट में दिनभर करता है ड्यूटी, फिर सड़क पर खड़ा होकर बचाता है लोगों की जान
अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत गढ़वा/डेस्क: गढ़वा में झारखंड पुलिस के एक जवान सुमेर चौधरी इन दिनों अपने सराहनीय कार्यों को लेकर खूब चर्चा में हैं, गढ़वा पुलिस के यह जवान अपनी कोर्ट ड्यूटी के साथ-साथ आम लोगों की सेवा में भी अपना फर्ज निभा रहा है. दिनभर कोर्ट की ड्यूटी और इसके बाद सड़क पर मानवता का परिचय. गढ़वा जिले में एक माह में अबतक 5 लोगों की मौत सड़क दुर्घटना में हो चुकी है,ऐसी घटना आगे न हो, इसके लिए यह के पुलिस जवान सड़क पर उतरकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं,आमतौर पर ड्यूटी खत्म होने के बाद पुलिसकर्मी अक्सर अपने डेरा या घर चले जाते हैं, लेकिन गढ़वा पुलिस के एक कांस्टेबल सुमेर चौधरी अपनी ड्यूटी खत्म होने के बाद ट्रैफिक का भी काम संभालते हैं, बताते चलें की गढ़वा जिला मुख्यालय से महज 3 किलोमीटर के दुरी पर गढ़वा-नगर उंटारी रोड़ के लगमा पेट्रोल पंप के पास एनएच आई 39 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और रॉन्ग साइड ड्राइविंग से होने वाली मौतों ने उन्हें झकझोर कर रख दिया है.
इसके बाद उन्होंने खुद सड़क पर उतरकर लोगों को जागरूक करने का बीड़ा उठाया और कोर्ट में मॉर्निंग शिफ्ट की ड्यूटी पूरी करने के बाद कांस्टेबल सुमेर चौधरी प्रतिदिन शाम चार बजे से छह बजे तक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाते हैं, वे राहगीरों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और रॉन्ग साइड से वाहन नहीं चलाने की सलाह देते हैं वहीं सुमेर चौधरी कहते हैं कि अगर मेरे प्रयास से एक भी व्यक्ति की जान बचती है, तो यही मेरे लिए सबसे बड़ा सौभाग्य होगा.
उनका यह भी कहना है कि दुर्घटना के समय पुलिस या एम्बुलेंस को घटनास्थल तक पहुंचने में थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन यदि आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए आगे आएं तो, कई अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं. कर्तव्य से आगे बढ़कर मानवता की सेवा में जुटे सुमेर चौधरी की पहल से लोग जागरूक हो रहे हैं और यातायात नियमों का पालन भी अब कर रहे हैं.वहीं गढ़वा जिलावासियों ने पुलिस कांस्टेबल सुमेर चौधरी को इस कार्य के लिए काफी सराहना कर रहें हैं.
यह भी पढ़ें: हुसैनाबाद मुख्य बाजार में नाली पर पटिया चढ़ी, लोगों को मिली राहत