रांची में रिटायर्ड BSNL इंजीनियर के घर लाखों की चोरी, ताला तोड़कर ले गए 20 लाख रुपये के गहने और नगदी
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: रांची के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित केतारी बागान इलाके में चोरों ने एक रिटायर्ड इंजीनियर के घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. अपराधियों ने घर का ताला तोड़कर करीब 20 लाख रुपये के गहने और नगदी पर हाथ साफ कर दिया. पीड़ित की पहचान गोपाल सिंह के रूप में हुई है, जो BSNL में उप-मंडल अभियंता के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं. जानकारी के अनुसार गोपाल सिंह अपनी पत्नी के साथ जमशेदपुर स्थित बेटे के घर गए हुए थे. इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकान को निशाना बनाया.
बताया जा रहा है कि उनका बेटा और बहू सुबह करीब 10 बजे ऑफिस चले गए थे. शाम को लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद चोरी की जानकारी पुलिस को दी गई. चोरों ने घर के बेडरूम समेत अन्य कमरों में रखे कीमती जेवरात और नगदी चोरी कर ली. पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी जा रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद नामकुम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. जानकारी के मुताबिक पीड़ित का बेटा और बहू अनुबंध के आधार पर कृषि विभाग में कार्यरत हैं. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. यह भी पढ़ें- प्रदेश कांग्रेस की मीडिया विभाग की घोषणा, राकेश सिन्हा फिर बने मीडिया प्रभारी