भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण रांची NH-32 के तीन स्थानों पर कर रहा फुट ओवर ब्रिज का निर्माण
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), क्षेत्रीय कार्यालय रांची द्वारा झारखंड राज्य में राष्ट्रीय राजमार्ग–32 पर फुट ओवर ब्रिज (FOB) निर्माण हेतु एजेंसी का चयन कर अनुबंध पर हस्ताक्षर कर लिए गए हैं. इसके अंतर्गत धनबाद के शंकर मठ, कांको एवं कांड्रा गांव के पास फुट ओवर ब्रिज का निर्माण प्रस्तावित है. यह कार्य ईपीसी (EPC) मोड के तहत संपादित किया जाएगा. तकनीकी एवं वित्तीय मूल्यांकन के उपरांत NHAI द्वारा एम/एस जी.आर. इंजीनियर्स एंड कॉन्ट्रैक्टर को ₹3.41 करोड़ की स्वीकृत लागत पर कार्य आवंटित किया गया है. राष्ट्रीय राजमार्ग–32 पर प्रस्तावित फुट ओवर ब्रिजों का निर्माण क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा. इन पुलों के निर्माण से स्थानीय नागरिकों, विशेषकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को सुरक्षित रूप से राजमार्ग पार करने की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी. यह परियोजना धनबाद के शंकर मठ, कांको एवं कांड्रा गांव तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगी. इन क्षेत्रों के लोगों को विद्यालय, पंचायत समिति कार्यालय तथा अन्य आवश्यक स्थानों तक पहुंचने के लिए राजमार्ग पार करना पड़ता है. फुट ओवर ब्रिज के निर्माण से उनका आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा, साथ ही समय की बचत भी होगी. इससे क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा. ये भी पढ़ें- रांची जिले में निजी विद्यालयों के शुल्क निर्धारण के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन