झारखंड

DISHA की बैठक में सांसद ने दिए कड़े निर्देश, योजनाओं का क्रियान्वयन धरातल पर दिखे, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

न्यूज11 भारत पलामू/डेस्क: आज समाहरणालय सभागार में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए. बैठक के दौरान पलामू को आकांक्षी जिला से सैचुरेटेड जिला बनाने का संकल्प लेते हुए सांसद ने विभिन्न विभागों के अनुपालन प्रतिवेदन में कमियां पाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई और अधिकारियों को सटीक और तथ्यपरक रिपोर्ट पेश करने की हिदायत दी. केंद्र सरकार की चार सदस्यीय समिति की जांच रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कमियों को जल्द से जल्द दूर करने के निर्देश दिए और इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जिम्मेदारी पलामू उपायुक्त को सौंपी.

सांसद ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा, सुरक्षा बीमा और मुद्रा योजना में कम उपलब्धि पर गहरा असंतोष जताया और स्पष्ट किया कि केवल पंजीकरण नहीं बल्कि वास्तविक लाभ मिलना जरूरी है. प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम जनमन योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने सूची से लाभुकों के नाम हटाने की शिकायतों पर रोक लगाने और चयनित लाभुकों का भुगतान न रोकने का सख्त निर्देश दिया.

विभिन्न विभागों की समीक्षा के दौरान कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए. परिवहन विभाग को ओवरलोडिंग और अंडर-एज ड्राइविंग पर सख्ती बरतने, शिक्षा विभाग को जांच मामलों को अटकाने से बचने और भवन निर्माण विभाग को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बढ़ाने को कहा गया. बिजली विभाग द्वारा मकान मालिक और किरायेदार के विवाद में वास्तविक दोषी के बजाय मकान मालिक पर ही प्राथमिकी दर्ज करने की विसंगति पर सांसद ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे तुरंत सुधारने का आदेश दिया. आपूर्ति विभाग को निर्देश दिया गया कि धान अधिप्राप्ति के बदले किसानों का बकाया भुगतान समय पर किया जाए, वहीं शहरी जलापूर्ति योजना के सुस्त काम को लेकर जुइको (JUIDCO) के प्रतिनिधियों को कार्य में तेजी लाने की चेतावनी दी गई.

बैठक में उपस्थित वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने विकास कार्यों में प्रासंगिकता और गुणवत्ता जांच की आवश्यकता पर बल दिया ताकि कार्य डीपीआर के अनुरूप हो सकें. अंत में सांसद ने सभी अधिकारियों को अगली बैठक तक प्रगति में सुधार लाने की अंतिम चेतावनी दी. बैठक में डालटनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया, पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता, विश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह, उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी सहित जिले के तमाम प्रमुख जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: बरवाडीह में A1 कंप्यूटर सेंटर में प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित, जानें क्या कहा संचालक आनंद गुप्ता ने