भव्य जलयात्रा के साथ मुरली पहाड़ी में श्री श्री शिव शक्ति प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ की हुई शुरुआत
विकास कुमार /न्यूज़ 11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: हुसैनाबाद के लंगरकोट गांव के पास स्थित मुरली पहाड़ी में आयोजित श्री श्री शिव शक्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ बुधवार को भव्य जलयात्रा के साथ हुआ. 18 फरवरी से 26 फरवरी 2026 तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण व्याप्त है. कार्यक्रम के प्रथम दिन प्रातः मंदिर परिसर से जलयात्रा प्रारंभ हुई, जिसमें हजारों की संख्या में पुरुष एवं महिला श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ निकली यह शोभायात्रा देवरी कला स्थित सोन नदी घाट तक पहुँची.जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं द्वारा 'हर हर महादेव' के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो रहा था.सोन नदी तट पर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गई. इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने जलभरी कार्यक्रम में भाग लिया और पवित्र जल लेकर पुनः मंदिर परिसर लौटे. मंदिर पहुंचकर जलयात्रा का समापन हुआ.
मंदिर लौटने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. शाम होते-होते पूरा परिसर भक्ति रस में डूब गया, जब श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ हुआ. कथा का वाचन हरिद्वार से पधारे श्री श्री 1008 श्री राघवेन्द्र आचार्य जी महाराज फलहारी बाबा तथा अयोध्या से पधारे श्री गोविन्दाचार्य बालयोगी जी महाराज के सान्निध्य में आरंभ हुआ.यज्ञ कमिटी के अनुसार 18 फरवरी (बुधवार) को जल यात्रा एवं भागवत कथा शुभारंभ,19 फरवरी (गुरुवार)को मण्डप प्रवेश एवं अरणीय मंथन,20 फरवरी (शुक्रवार) को शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा एवं 26 फरवरी (गुरुवार) को यज्ञ पूर्णाहुति के अवसर पर भव्य भंडारा एवं संत महात्माओं की विदाई का कार्यक्रम आयोजित है.पूरे लंगरकोट एवं जपला क्षेत्र में इस महायज्ञ को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है. आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है.यज्ञ समिति, ग्राम लंगरकोट ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है.धार्मिक आस्था, वैदिक परंपरा और सामाजिक एकता का यह महायज्ञ क्षेत्र के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बन गया है.
यह भी पढ़ें: देवघर के ठाड़ी दूलमपुर में भव्य कलश यात्रा, राधा-कृष्ण मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उमड़ा आस्था का सैलाब