पुलिस की खरीद को स्वास्थ्य से जोड़कर भ्रम फैला रही

फॉरेंसिक खरीद पर झूठ का खेल: भाजपा पर भड़के डॉ इरफान अंसारी, कहा- छवि बिगाड़ने की साजिश

न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया और कुछ मंचों के जरिए जानबूझकर झूठी एवं भ्रामक खबरें फैलाकर उनकी छवि को धूमिल करने की साजिश रची जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस फॉरेंसिक डिटेक्टिव उपकरण की खरीद को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, उसका स्वास्थ्य विभाग से कोई संबंध नहीं है. ऐसे उपकरणों की खरीदारी पुलिस विभाग, यानी गृह विभाग के अंतर्गत की जाती है. इसके बावजूद भाजपा लगातार गलत तथ्यों को पेश कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा हर मुद्दे में उनका नाम घसीटकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है. “भाजपा की पूरी टीम सिर्फ मेरी छवि खराब करने के लिए सोशल मीडिया पर झूठे और भ्रामक पोस्ट डाल रही है. उन्हें इतनी सामान्य जानकारी भी नहीं कि पुलिस उपकरण की खरीद स्वास्थ्य विभाग कैसे कर सकता है. उन्होंने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि वह अपनी इस ओछी राजनीति से बाज आए. “इरफान अंसारी कोई एक नाम नहीं, बल्कि जनता का विश्वास है. और जो भी इस विश्वास को ठेस पहुंचाने की कोशिश करेगा, उसे जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी.” आगे मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि भाजपा के आईटी सेल द्वारा फैलाए जा रहे भ्रामक और झूठे प्रचार के खिलाफ वे जल्द ही कानूनी कार्रवाई करेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि अब इस तरह की साजिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संबंधित लोगों पर केस दर्ज कराया जाएगा. मंत्री जी ने कहा कि बहुत जल्द भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने बेनकाब होगा, क्योंकि ये लोग उनकी बढ़ती लोकप्रियता और जनता के बढ़ते विश्वास से घबराए हुए हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि सच्चाई की जीत होगी और जनता झूठ फैलाने वालों को करारा जवाब देगी. अंत में उन्होंने कहा कि सच्चाई जल्द ही सामने आएगी और झूठ फैलाने वालों को जनता करारा जवाब देगी. ये भी पढ़ें- आदिवासियों की पहचान और उनकी परंपराओं का संरक्षण सबसे जरूरी: शिल्पी नेहा तिर्की