भाजपा स्थापना दिवस कार्यक्रम के लिए झारखंड प्रदेश

6 अप्रैल को भाजपा मनाएगी 47वीं स्थापना दिवस, पूरे प्रदेश में होंगे कार्यक्रम

न्यूज11 भारत  रांची/डेस्क: भारतीय जनता पार्टी की झारखंड इकाई ने 6 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु प्रदेश स्तरीय टोली का गठन किया गया है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देशानुसार पार्टी के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह को स्थापना दिवस कार्यक्रम की प्रदेश टोली का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है. जबकि प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर, प्रदेश मंत्री मुनेश्वर साहू, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव एवं किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अर्जुन सिंह को सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु जिला स्तर पर 1 संयोजक एवं 2 सह संयोजक (1+2) का तत्काल गठन करने का भी निर्देश जिला अध्यक्ष को दिया गया है. इस बाबत कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक बनाए गए योगेंद्र प्रताप ने बताया कि विश्व के सबसे बड़े राजनैतिक दल भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस 6 अप्रैल को है. देश के कोने-कोने से करोड़ों कार्यकर्ता पार्टी के स्थापना दिवस को हर वर्ष हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं तथा सेवा भाव और राष्ट्र प्रथम के मूलमंत्र को अपनाते हुए कार्य करने का संकल्प लेते हैं. हर साल की भांति इस साल भी झारखंड भाजपा अपनी पार्टी का स्थापना दिवस पूरे उल्लास के साथ मनाएगी.  प्रताप ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देशानुसार पार्टी के स्थापना दिवस पर कई कार्यक्रम तय किए गए हैं. इसमें पार्टी के सभी मंडल, जिला एवं प्रदेश कार्यालयों की तीन दिनों के लिए (5, 6 एवं 7 अप्रैल) सजावट करने, पार्टी के सभी कार्यालयों पर पार्टी का ध्वज 6 अप्रैल को फहराने, कार्यालय में कार्यक्रम के दौरान पार्टी की विकास यात्रा पर उद्बोधन तथा मिष्ठान वितरण करने का निर्णय लिया गया है. इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं को अपने घरों पर पार्टी का ध्वज  फहराने तथा सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश मिला है. 6 अथवा 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्य एकत्रित होकर पार्टी के स्थापना दिवस का कार्यक्रम मनाएंगे.  प्रत्येक जिले पर 8 अथवा 9 अप्रैल को पार्टी के सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित होना है. जिसमें  भाजपा का संगठनात्मक विस्तार एवं चुनावी सफलता में जन समर्थन, भारतीय राजनीति में भाजपा द्वारा लाया गया परिवर्तन सेवा भाव, अंत्योदय, विकासोन्मुख राजनीति एवं राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखने, देश के  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के द्वारा किये गये उल्लेखनीय एवं ऐतिहासिक कार्यों आदि विषयों पर चर्चा किया जाएगा. वहीं 7 अप्रैल से 12 अप्रैल के बीच गांव / बस्ती चलो अभियान का आयोजन होगा. इसमें सभी पार्षद, पंचायत सदस्य से लेकर ऊपर स्तर के सभी जनप्रतिनिधियों सहित पार्टी के कार्यकर्ता प्रभावी रूप से भाग लेंगे..  गांवों में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता का कार्यक्रम, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, समाज के विभिन्न वर्गों के बुद्धिजीवी एवं गणमान्य व्यक्तियों से संपर्क एवं उनका सम्मान, केन्द्र सरकार एवं एनडीए शासित प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर व्यापक चर्चा करना, लाभार्थियों से जनसम्पर्क आदि कार्यक्रम शामिल हैं. ये भी पढ़ें-  निर्भया से भी ज्यादा जघन्य अपराध झारखंड की बेटी के साथ, अपराधियों को मिले फांसी की सजा: आदित्य साहू