सरकार को बदनाम करने में जुटी है भाजपा, झामुमो गढ़वा ने विष्णुगढ़ मामले में बीजेपी पर लगाया गंभीर आरोप
अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्क: हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुम्भा गांव में नाबालिग मासूम के साथ हुई अमानवीय घटना एवं उसकी निर्मम हत्या ने पूरे झारखंड सहित पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. इस हृदयविदारक घटना की झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कमेटी गढ़वा ने कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को अविलंब कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है. गढ़वा झामुमो जिला सचिव ने कहा कि राज्य में भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आना अत्यंत चिंताजनक है. उन्होंने विष्णुगढ़ की इस जघन्य घटना में भाजपा के प्रखंड कमिटी से जुड़े एक पदाधिकारी (पूर्व बूथ कमिटी अध्यक्ष) का नाम सामने आने को बेहद शर्मनाक बताया.
झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य जवाहर पासवान ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब यह घटना सामने आई थी, तब भाजपा के बड़े नेता सरकार पर आरोप लगाने में सबसे आगे थे, लेकिन अब जब उनके ही संगठन से जुड़े व्यक्ति का नाम सामने आया है, तो पूरी भाजपा चुप्पी साधे बैठी है. झामुमो ने भाजपा नेतृत्व से इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है.
भाषा विवाद पर झामुमो ने रखा अपना पक्ष, भाजपा पर लगाये आरोप
झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य मनोज ठाकुर ने कहा कि 2016 की शिक्षक नियुक्ति (CGTTCE-2016) के लिए झारखंड के 24 जिलों को दो श्रेणियों में बाटा गया था, जिसमें 13 जिला अनुसूचित एवं 11 जिला गैर अनुसूचित कर दिया गया था. जिसमें गढ़वा, पलामू सहित 11 जिलों में बाहरी राज्यों से उम्मीदवार भी आवेदन करने का खुला आदेश भाजपा राज्य सरकार के द्वारा किया गया. जिसमें दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्य के लोगों को शिक्षक में नियुक्त किया गया जो यहां की भाषा नहीं जानते हैं, वैसे लोगों को शिक्षक में चयन किया गया. जो आज भी बच्चों को पढ़ा रहे हैं. उस समय भी दोनों विधायक थे लेकिन यहां के पढ़े लिखे नौजवानों के प्रति कोई रुचि नहीं ली. 2011 के जनगणना में इन लोगों के द्वारा भाषा की जानकारी नहीं दी गयी एवं गढ़वा-पलामू के लोग अपनी भाषा पलमुवा बताया जिस कारण यह भाषा स्वीकार नहीं हुई और क्षेत्रीय भाषा मगही, भोजपुरी को मान्यता नहीं मिल सका. भाषा विवाद को लेकर झामुमो ने गढ़वा विधायक और पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही को भी आड़े हाथों लिया.
मौक़े पर झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य तनवीर आलम, प्रखंड अध्यक्ष फुजेल अहमद, प्रवक्ता सुजीत चंद्रवंशी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: गढ़वा पहुंचे राज्य के जेल सहायक महानिरीक्षक तुषार गुप्ता, नगर ऊंटारी कारा का किया निरीक्षण