मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम

सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी ने किया विभिन्न बूथों का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

आदित्य पाण्डेय/न्यूज11 भारत सरिया/डेस्क: मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर रविवार को सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी, सरिया द्वारा प्रखंड अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी ने बूथों पर चल रहे गणना प्रपत्र वितरण कार्य की जमीनी हकीकत जानी. उन्होंने मौके पर उपस्थित बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) से प्रपत्र वितरण की प्रगति की जानकारी ली और रजिस्टर की जांच की.

अंचलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिया कि क्षेत्र के कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या संशोधन से वंचित न रहें. इसके लिए शत-प्रतिशत घरों तक गणना प्रपत्र का वितरण सुनिश्चित करें. कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर वितरण कार्य को पूरा करने की सख्त हिदायत दी गई.

अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. त्रुटिहीन मतदाता सूची का निर्माण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी बीएलओ पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में गणना प्रपत्र का वितरण करें, ताकि एक पारदर्शी और शुद्ध मतदाता सूची तैयार की जा सके. इस मौके पर अंचल कार्यालय के कर्मी, स्थानीय बीएलओ तथा कई ग्रामीण उपस्थित थे.