गांडेय के मंडरो में टीबी जांच शिविर, 96 लोगों का एक्स-रे, 80 संदिग्धों के बलगम के नमूने लिए गए
भरत मंडल/न्यूज 11 भारत गांडेय डेस्क: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गांडेय के अंतर्गत मंडरो आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सोमवार को 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर अबू कासिफ हसन के नेतृत्व में आयोजित शिविर में एआई युक्त पोर्टेबल हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीन से 96 लोगों का डिजिटल एक्स-रे किया गया. जांच के दौरान टीबी के 80 संदिग्ध मरीजों के बलगम के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे गए. वहीं 120 लोगों की उच्च रक्तचाप, मधुमेह समेत अन्य गैर-संचारी रोगों एनसीडी की जांच कर आवश्यक परामर्श और दवा उपलब्ध करायी गयी. डॉक्टर हसन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य टीबी मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें शीघ्र उपचार उपलब्ध कराना है. प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक मोहन प्रसाद ने स्वास्थ्य कर्मियों को टीबी उन्मूलन अभियान के साथ नियमित टीकाकरण, परिवार नियोजन, डेंगू नियंत्रण और कुपोषित बच्चों की पहचान में भी सक्रिय रहने का निर्देश दिया. शिविर में स्वास्थ्यकर्मियों और सहियाओं की सक्रिय भागीदारी रही.