मांडर के सरगांव मुर्जुली में विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज प्रताड़ना का आरोप
न्यूज़11 भारत मांडर/डेस्क: मांडर प्रखंड के सरगांव मुर्जुली गांव में शनिवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान सनिजा खातून उम्र 25 वर्ष (पिता – तस्लीम अंसारी), निवासी लोहरदगा जिला किस्को प्रखंड के ग्राम नारी- नावाडीह, के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या उसके पति सफुज अंसारी (पिता – जुलफान अंसारी), निवासी मांडर थाना के सरगांव मुर्जुली, ने फांसी लगाकर मार दिया गया. मृतका के पिता और परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था. उनका कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद दहेज और पैसों का दबाव बनाया जाता था. उन्होंने बताया कि लगभग एक वर्ष पहले ग्रामीणों के सहयोग और चंदा जुटाकर बेटी की शादी कराई गई थी. परिजनों के अनुसार, सनिजा खातून कुछ दिन पहले मायके आई हुई थी.
दो दिन पहले उसका पति ससुराल पहुंचा और भविष्य में किसी प्रकार का विवाद नहीं होने का भरोसा देकर उसे अपने साथ ले गया. आरोप है कि इसके बाद सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या कर दी गई. परिजनों का यह भी कहना है कि घटना के बाद आरोपी पक्ष की ओर से फोन कर केवल इतना बताया गया कि उनकी बेटी अब इस दुनिया में नहीं रही. वहीं, गांव के कुछ लोगों का भी कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था और आरोपी द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात पहले भी सामने आती रही थी. घटना की सूचना मिलते ही मांडर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, मामले की जांच शुरू की और आरोपी पति को पूछताछ के लिए थाना ले गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. मृतका के परिजनों ने निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.