सदर अस्पताल सरायकेला के दंत विभाग में राजनगर प्रखं

सदर अस्पताल सरायकेला में जिंजाइवल हाइपरप्लेशिया से पीड़ित महिला का हुआ सफल ऑपरेशन

मधु सुदन/न्यूज़11 भारत  सरायकेला/डेस्क: सदर अस्पताल सरायकेला के दंत विभाग में राजनगर प्रखंड अंतर्गत छेड़िया पहाड़ी निवासी सीता हेंब्रम का सफल शल्य चिकित्सा (ऑपरेशन) किया गया. मरीज पिछले लगभग दो माह से मुंह के तालू एवं दांतों के बीच लगभग 2 से 3 सेंटीमीटर आकार की बढ़ी हुई मांसपेशीय वृद्धि (जिंजाइवल हाइपरप्लेशिया) से पीड़ित थीं. जिसके कारण उन्हें भोजन करने एवं दैनिक जीवन की सामान्य गतिविधियों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था.

सदर अस्पताल के दंत विभाग में सीनियर डेंटल सर्जन डॉ. रीना सिंह तथा दंत स्वास्थ्य विज्ञान विशेषज्ञ राजू कुमार पासवान द्वारा सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया. ऑपरेशन के उपरांत आवश्यक जांच हेतु निकाले गए ऊतक (टिश्यू) का नमूना एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया है.

चिकित्सकों ने बताया कि जिंजाइवल हाइपरप्लेशिया जैसी समस्याएं तंबाकू एवं तंबाकूजनित उत्पादों जैसे गुटखा, पान, खैनी आदि के सेवन, अन्य नशीले पदार्थों के उपयोग तथा मुंह की उचित साफ-सफाई नहीं रखने के कारण विकसित हो सकती हैं. ऐसे लक्षण दिखाई देने पर शीघ्र चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार कराना आवश्यक है.

राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग (NCD) कार्यक्रम के अंतर्गत सरायकेला-खरसावाँ जिला द्वारा समय-समय पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों एवं मुख स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है. आम नागरिकों से अपील की जाती है कि तंबाकू एवं तंबाकूजनित पदार्थों का सेवन न करें तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करें. समय पर जांच एवं उपचार तथा तंबाकू से दूरी बनाकर मुख कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है.