जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभुकों को जोड़ने के लिए व

सरायकेला के सभी 9 प्रखंडों की 20 पंचायतों में PM-JANMAN और DA-JGUA अंतर्गत विशेष जागरूकता व लाभुक संतृप्तीकरण शिविर

संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत

सरायकेला/डेस्क/डेस्क:   जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार एवं झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में संचालित PM-JANMAN एवं DA-JGUA कार्यक्रम अंतर्गत आज दिनांक 23 मई 2026 को जिले के 09 प्रखंडों की 20 चयनित पंचायतों में विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण शिविर आयोजित किए गए.

कार्यक्रम अंतर्गत सरायकेला प्रखंड के गोविंदपुर एवं हुदू पंचायत, खरसावां प्रखंड के जोरडीहा एवं कृष्णापुर पंचायत, कुचाई प्रखंड के बारूहातु एवं रोलाहातु पंचायत, राजनगर प्रखंड के कुड़मा, डूमरडीहा एवं तुमुंग पंचायत, गम्हरिया प्रखंड के बांधडीह, नारायणपुर एवं टेंटोपोसी पंचायत, चांडिल प्रखंड के मातकमडीह एवं धुनाबुरु पंचायत, नीमडीह प्रखंड के बाडेदा पंचायत, ईचागढ़ प्रखंड के देवलटांड एवं नदीसाई पंचायत तथा कुकड़ू प्रखंड के बेरासिरुम, लोटेमदा एवं ईचाडीह पंचायत में शिविरों का आयोजन किया गया.

शिविरों में पेंशन विभाग, कृषि विभाग, आपूर्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, बाल विकास परियोजना विभाग, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), मनरेगा सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी एवं आकांक्षी योजनाओं की जानकारी दी गई. साथ ही पात्र लाभुकों से आवेदन प्राप्त कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से आच्छादित करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई.

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), आयुष्मान भारत योजना, पेंशन योजनाएं, राशन कार्ड, आधार पंजीकरण एवं सुधार, मनरेगा, स्वरोजगार एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई. शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए तथा पात्र लाभुकों के बीच विभिन्न योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया.

विभिन्न पंचायत में आयोजित शिविर में सम्बन्धित प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी एवं अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा भ्रमण-सह-निरीक्षण किया गया तथा संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाने का निर्देश दिया गया.

कार्यक्रम में संबंधित पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, जनप्रतिनिधि, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें: जारी में पत्नी से विवाद के बाद युवक ने बरगद के पेड़ से लगाई फांसी, फांसी से पूर्व स्टेटस व्हाट्सएप में डाला