गुप्त सूचना के आधार पर नामकुम थाना पुलिस ने बड़ी क

रांची में 4 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, खुद की खेती की अफीम बेचने जा रहा था आरोपी

न्यूज11 भारत रांची/डेस्क: गुप्त सूचना के आधार पर नामकुम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सनिका मुंडा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार आरोपी खुद अफीम की खेती करता था और तैयार अफीम को बेचने के लिए जा रहा था. पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाइक से बड़ी मात्रा में अफीम लेकर जा रहा है. इसके बाद नामकुम थाना पुलिस ने राईसा नदी के पास वाहन जांच अभियान चलाया. जांच के दौरान एक बाइक सवार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 4 किलो अफीम बरामद हुई.

पूछताछ के दौरान आरोपी सनिका मुंडा ने बताया कि वह दशम फॉल थाना क्षेत्र का रहने वाला है. उसने स्वीकार किया कि उसने इस वर्ष अफीम की खेती की थी और उसी अफीम को बेचने के लिए निकला था. आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वह पहले भी कई बार अफीम की बिक्री कर चुका है.

प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी झारखंड के बाहर के लोगों को अफीम की सप्लाई करता था. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुट गई है. रांची के ग्रामीण इलाकों में अवैध अफीम की खेती पुलिस के लिए अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है. पुलिस का कहना है कि अफीम की खेती करने वालों और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा.

यह भी पढ़ें: नारकोटिक्स टीम तेलंगाना द्वारा युवक को गिरफ्तार करना बना सर दर्द, स्थानीय पुलिस को बिना बताए की गई थी कार्रवाई