झारखंड

बानो स्टेशन के करीब मालगाड़ी के वैगन से उठा धुआं, रेल प्रशासन में मची हलचल

न्यूज11 भारत  रांची/डेस्क: हटिया-राउरकेला रेलखंड में बानो स्टेशन के करीब कोयला लदे मालगाड़ी के एक वैगन में अचानक धुआं उठने लगा. धुंआ उठते देख रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही मालगाड़ी को बानो रेलवे स्टेशन के लाइन नंबर-6 पर रोक दिया गया और अग्निशमन विभाग की टीम को सिमडेगा से तत्काल बुलाया गया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद धुएं पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. 

जानकारी के अनुसार एनएसएसपीएल की मालगाड़ी राउरकेला से रानीगंज की ओर जा रही थी. इसी दौरान ओडगा रेलवे स्टेशन से गुजरने के क्रम में स्टेशन मास्टर ने एक वैगन से धुआं निकलते देखा और इसकी सूचना तत्काल रेल प्रशासन को दी. सूचना के बाद मालगाड़ी करीब 3:10 बजे बानो स्टेशन पहुंची. जहां पहले से दमकल वाहन मौजूद था. अग्निशमन कर्मियों ने लगभग 4:10 बजे से धुआं बुझाने का कार्य शुरू किया. 

स्थिति सामान्य होने के बाद मालगाड़ी को पुनः गंतव्य रानीगंज के लिए रवाना कर दिया गया. रेल प्रशासन ने बताया कि गर्मी के मौसम में कोयला लदे वैगनों से कभी-कभी धुआं उठना सामान्य बात है. समय रहते कार्रवाई कर संभावित दुर्घटना को टाल दिया गया.

यह भी पढ़ें: गांडेय सीएचसी में विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता अभियान, ए बी एच ए  कार्ड भी बने