टोरी आरओबी निर्माण को लेकर धरना, डीआरएम के नाम सौंपा गया ज्ञापन
राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत चंदवा/डेस्क: टोरी रेलवे स्टेशन परिसर में रविवार को आरओबी निर्माण संघर्ष समिति के बैनर तले एक दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया. प्रदर्शन के बाद धनबाद रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के नाम ज्ञापन सौंपकर टोरी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) सहित लंबित रेल परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई.
कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष अनिता देवी ने कहा कि टोरी आरओबी क्षेत्र की वर्षों पुरानी और सबसे महत्वपूर्ण मांग है. रेलवे फाटक पर प्रतिदिन लगने वाले जाम से विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और आम लोगों को भारी परेशानी होती है. उन्होंने कहा कि अब जनता आश्वासन नहीं, बल्कि आरओबी निर्माण कार्य शुरू होते देखना चाहती है. यदि जल्द ठोस पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.
संघर्ष समिति ने ज्ञापन के माध्यम से टोरी आरओबी का निर्माण तत्काल शुरू कराने, चंदवा रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण पूरा करने, स्टेशन तक पहुंच मार्ग का निर्माण, जर्जर सड़कों की मरम्मत, रांची-टोरी यात्री ट्रेन का परिचालन बालूमाथ तक शुरू करने तथा रेलवे प्रशासन और संघर्ष समिति के बीच सकारात्मक संवाद शुरू करने की मांग उठाई. कार्यक्रम का संचालन सौरभ श्रीवास्तव ने किया. मौके पर दिलीप पांडेय, हिमांशू सिंह, राहुल मिश्रा, सुबोध जायसवाल, प्रमोद जायसवाल, इंदुभूषण पाठक, संदीप टोप्पो, कैलाश जायसवाल समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे.