झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती के संकेत, नए लोकायुक्त जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता ने संभाला कार्यभार
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई अब तेज होने के संकेत मिल रहे हैं. राज्य के नव नियुक्त लोकायुक्त जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता ने शपथ लेने के तुरंत बाद पदभार संभालते हुए अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट कर दिया है. उन्होंने संकेत दिया कि लंबित मामलों के निपटारे पर खास फोकस रहेगा और शुरुआत करीब 3000 पुराने मामलों से की जाएगी. शपथ ग्रहण के बाद जस्टिस गुप्ता सीधे लोकायुक्त कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही पूरे दफ्तर का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कोर्ट रूम और विभिन्न कार्यालय कक्षों का जायजा लेकर कामकाज की मौजूदा स्थिति को समझने की कोशिश की. पद संभालते ही उन्होंने लोकायुक्त अधिनियम की प्रति मंगवाकर कानूनी प्रक्रिया की समीक्षा भी शुरू कर दी. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनका पहला दिन व्यवस्थाओं को समझने में बीत रहा है, लेकिन उनकी प्राथमिकता साफ है. राज्य में भ्रष्टाचार से जुड़े हजारों मामले लंबित हैं, जिनकी सुनवाई में तेजी लाना जरूरी है. उन्होंने भरोसा जताया कि पुराने मामलों का जल्द निपटारा कर लोगों को समय पर न्याय दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा. ये भी पढ़ें- दिल्ली रवाना हुए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, ओबीसी एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में होंगे शामिल