डीएमएफटी शासी परिषद की बैठक में बचरा उत्तरी-दक्षिणी पंचायतों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं पारित
मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: पिपरवार :चतरा समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में मंगलवार को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की प्रबंधकीय शासी परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्य योजना के तहत खनन प्रभावित पंचायतों में विकास कार्यों से संबंधित विभिन्न योजनाओं को पारित किया गया.बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त रवि आनंद ने की.बैठक में हजारीबाग लोकसभा सांसद प्रतिनिधि रवीन्द्र सिंह ने बचरा उत्तरी एवं बचरा दक्षिणी पंचायत में पिछले सात वर्षों से राज्य सरकार द्वारा फंड बंद किए जाने के कारण विकास कार्यों में आ रही कठिनाइयों को प्रमुखता से उठाया.उन्होंने उपायुक्त को अवगत कराया कि फंड के अभाव में क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विकास प्रभावित हुआ है. इस पर उन्होंने दोनों पंचायतों के लिए डीएमएफटी फंड से अधिक से अधिक योजनाओं को स्वीकृत करने की मांग रखी.सांसद प्रतिनिधि रवीन्द्र सिंह ने बैठक में क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को डीएमएफटी के अंतर्गत होने वाले कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से नए टेंडर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू करने की भी मांग की. इस पर उपायुक्त रवि आनंद ने सकारात्मक पहल करते हुए जिला परिषद स्तर पर रजिस्ट्रेशन कराने तथा अन्य विभागों के लिए राज्य सरकार को अवगत कराने का आश्वासन दिया.बैठक में बचरा उत्तरी एवं दक्षिणी पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई. इनमें बचरा बाजार टांड़ में पेभर ब्लॉक, हाई लेवल शेड, शौचालय एवं ड्रेन निर्माण,बचरा उच्च विद्यालय में शिक्षकों के लिए आवास निर्माण, विद्यालय के पुराने भवन का मरम्मत एवं रंग-रोगन, पेभर ब्लॉक, स्टेज, शेड और सोलर हाई मास्ट लाइट की व्यवस्था जैसी योजनाएं शामिल हैं.इसके अलावा बाजार टांड़ एवं बचरा 04 नंबर क्षेत्र में सामुदायिक भवन निर्माण, बचरा उच्च विद्यालय में टिंकरिंग लैब की स्थापना तथा बचरा 04 नंबर और बाजार टांड़ को जोड़ने वाले पिलाई डैम पर जर्जर पुल के स्थान पर नए पुल निर्माण की योजना को भी पारित किया गया.बताया गया कि वर्तमान पुल काफी जर्जर हो चुका है और कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है.
पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बचरा पिलाई डैम, कष्टी बाबा पहाड़, किचटो का बनहे तथा होसीर के बुलबुलवा झरना को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया.बैठक में बचरा उत्तरी, बचरा दक्षिणी एवं किचटो पंचायतों में एल्डरली क्लब, डिजास्टर मैनेजमेंट सेंटर, स्किल डेवलपमेंट एंड ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की मांग भी रखी गई, जिसे गंभीरता से लिया गया. बैठक में कई विभागों के प्रमुख अधिकारी समिति के लोग शामिल हुए.
यह भी पढ़ें: चंदवा में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ चला कांग्रेस क हस्ताक्षर अभियान