झारखंड

सरायकेला के कपाली में अधजला शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका गहराई

संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत

सरायकेला/डेस्क: सरायकेला जिला के कपाली ओपी क्षेत्र में मंगलवार को एक अधजला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. 52 बीघा के समीप जंगलनुमा जगह पर शव देखे जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पहचान 40 वर्षीय मोहम्मद मुस्तकीम के रूप  में हुई है,जो सालबागान वार्ड-11, गौसनगर का निवासी बताया जा रहा है. वह पिछले रविवार से लापता बताया जा रहा था. परिजनों द्वारा लगातार तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था.

स्थानीय लोगों के अनुसार मंगलवार को एक शव जो बुरी तरह जला हुआ था,जिसे जंगलनुमा जगह पर देखा गया.लाश इतनी बुरी तरह जल चुकी थी कि पहचाना मुश्किल था.हालांकि हाथ में पहनी अंगूठी से पहचान संभव हो सकी. बताया जा रहा है कि मृतक फेरी का काम करता था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था. परिवार में पत्नी और एक नाबालिग पुत्र है. घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है. लोगों का कहना है कि पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जलाया गया होगा. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है. लगातार कपाली क्षेत्र में हो रहे इस तरह के घटना से लोग अपने आप को  असुरक्षित महसूस कर रहे है.

यह भी पढ़ें: जरीडीह में दिनदहाड़े झपटमारी: राशन दुकान संचालिका के गले से 20 ग्राम सोने की चेन लेकर फरार हुए बाइक सवार