झारखंड

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केपी सोरेन झामुमो में शामिल, कोल्हान की राजनीति में नए समीकरणों के संकेत

मधु सुदन/न्यूज11 भारत सरायकेला/डेस्क: सरायकेला में बुधवार को कोल्हान की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब वरिष्ठ शिक्षाविद्, झारखंड आंदोलनकारी और पूर्व कांग्रेसी नेता कालीपद सोरेन उर्फ केपी सोरेन सैकड़ों समर्थकों के साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में शामिल हो गए.  टाउन हॉल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सांसद जोबा माझी, मंत्री दीपक बिरुआ, विधायक दशरथ गागराई, विधायक सविता महतो और झामुमो महासचिव विनोद पांडे की मौजूदगी में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई.  झामुमो में शामिल होने के बाद केपी सोरेन ने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे.   उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं को अपने अनुभवों का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी. साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व की सराहना करते हुए झामुमो को दूरदर्शी सोच वाली पार्टी बताया.  केपी सोरेन को कोल्हान के शिक्षित और वैचारिक नेताओं में गिना जाता है. झारखंड आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है तथा वे लंबे समय तक शिक्षा जगत से जुड़े रहे हैं.  राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनके झामुमो में आने से पार्टी को वैचारिक और संगठनात्मक मजबूती मिल सकती है.  केपी सोरेन के साथ आदित्यपुर के संजय कुमार और अभय झा ने भी झामुमो की सदस्यता ग्रहण की.  इसे झामुमो के बढ़ते सामाजिक और राजनीतिक विस्तार के रूप में देखा जा रहा है.