झारखंड

CM हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में चयन समिति की बैठक संपन्न, सूचना आयुक्त की नियुक्ति पर हुई चर्चा

न्यूज11 भारत रांची/डेस्क: राज्य में सूचना आयुक्त की नियुक्ति को लेकर प्रक्रिया तेज होती नजर आ रही है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित चयन समिति की अहम बैठक बुधवार को समाप्त हो गई. यह बैठक तीन घंटे से अधिक समय तक चली, जिसमें कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई. बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और मंत्री हफीजउल हसन भी मौजूद रहे. बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि सूचना आयुक्त के पदों के लिए साढ़े चार सौ से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन पर विस्तृत चर्चा की गई. उन्होंने कहा कि सभी आवेदनों की गहन समीक्षा की जा रही है और सरकार जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय तक पहुंचेगी. साथ ही उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस मुद्दे को वे कई बार उठा चुके हैं, यहां तक कि सदन में भी मुख्य सूचना आयुक्त, सूचना आयुक्त और लोकायुक्त की नियुक्ति को लेकर सरकार को घेरते रहे हैं. सरकार की ओर से संकेत दिए गए हैं कि चयन प्रक्रिया को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा, जिससे लंबे समय से लंबित इन महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां संभव हो सकें. ये भी पढ़ें- रांची में 3.89 करोड़ के KVIC घोटाला मामले में ED की कार्रवाई, 6 आरोपियों के खिलाफ अभियोजन शिकायत दायर