झारखंड

सिमडेगा में बढ़ती गर्मी के मद्देनजर बदली गयी स्कूल टाइमिंग, बच्चों को मिलेगी राहत

आशिष शास्त्री/न्यूज11  भारत

सिमडेगा/डेस्क:  तपती गर्मी और हिट वेब के मद्देनजर सरकार ने स्कूल टाइमिंग में बदलाव कर बच्चों और शिक्षकों सहित अभिभावकों को भी बड़ी राहत दी है. बता दें कि वैशाख माह की शुरुआत के साथ हीं गर्मी का प्रकोप दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है. हालत ऐसे हो गए हैं कि सुबह 09 बजे के बाद से सूरज आग बरसा रहा है और धरती गर्म तवे के जैसी तप रही है. दोपहर 12 बजे के बाद गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों के शरीर की शक्ति क्षीण कर बीमार करने लगी है. हालांकि 01 अप्रैल को नए सत्र की शुरुआत से. हीं स्कूल की मार्निंग क्लास शुरू हो गई थी. लेकिन इस मॉर्निंग क्लास में छुट्टी का टाइमिंग दोपहर 01 बजे था. दोपहर 01 बजे जब गर्मी पूरे शबाब पर होती है. ऐसे में स्कूल की छुट्टी से घर लौटना बच्चों के लिए किसी सजा से कम नहीं होता था.

बच्चों के इस कष्ट को देखते हुए अभिभावकों ने स्कूल टाइमिंग में परिवर्तन करने की मांग की थी. बढ़ती गर्मी और बच्चों की तकलीफ को देखते हुए सरकार ने 21 अप्रैल से स्कूल टाइमिंग में बदलाव करते हुए केजी से कक्षा 08 तक के बच्चों के लिए सुबह 07 से 11: 30 बजे तक और कक्षा 09 से 12वीं तक सुबह 07 से दोपहर 12 बजे तक स्कूल टाइमिंग करने का निर्देश जारी किया है.

यह भी पढ़ें: भुरकुंडा के श्री अग्रसेन स्कूल के खिलाड़ियों ने शूटिंग में जीता 10 मेडल, राज्य के कई जिलों के स्कूल प्रतियोगिता में शामिल