गुड़ाबंदा के कैमा स्वर्णरेखा नदी घाट से बालू उत्खनन शुरू, आवास लाभुकों को मिलेगी राहत
न्यूज 11 भारत बहरागोड़ा/डेस्क: गुड़ाबांदा प्रखंड क्षेत्र में लंबे समय से बनी बालू संकट की समस्या अब दूर होने की उम्मीद जगी है. रविवार को कैमा स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ बालू उत्खनन कार्य का शुभारंभ किया गया. घाट का संचालन करने वाली Godavari Commodities Limited द्वारा आधिकारिक रूप से उत्खनन शुरू किए जाने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है.
बालू की कमी के कारण क्षेत्र में निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे थे. खासकर प्रधानमंत्री आवास योजना और अबुआ आवास योजना के लाभुकों को निर्धारित समय पर घर निर्माण में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था. स्थानीय स्तर पर बालू की कालाबाजारी और ऊंचे दामों ने गरीब परिवारों की परेशानी बढ़ा दी थी. घाट शुरू होने से अब लाभुकों को निर्धारित सरकारी दर पर बालू उपलब्ध होने की उम्मीद है, जिससे अधूरे पड़े आवास निर्माण कार्यों में तेजी आएगी. स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए क्षेत्र के सांसद, विधायक तथा खनन विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद उनकी एक महत्वपूर्ण समस्या का समाधान हुआ है.
घाट संचालक कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि बालू उत्खनन कार्य सरकार के सभी नियमों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाएगा. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को उचित और निर्धारित मूल्य पर बालू उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है, ताकि आम जनता और सरकारी योजनाओं के लाभुकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. इस पहल से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने के साथ-साथ बालू की कृत्रिम कमी और मनमानी कीमतों पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: पिपरवार में विकास कार्यों की सौगात, विधायक रोशनलाल चौधरी ने पांच योजनाओं का किया शिलान्यास