झारखंड

सेवानिवृत्त शिक्षक गरभु कुमार मंडल का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

केसरीनाथ यादव/न्यूज 11 भारत बोकारो/डेस्क: फतेहपुर प्रखंड के कालीपाथर गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक गरभु कुमार मंडल का निधन 82 वर्ष की उम्र में उनके पैतृक आवास पर हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. ग्रामीणों, शिक्षकों तथा सामाजिक लोगों ने उनके निधन को शिक्षा जगत की अपूरणीय क्षति बताया है. गरभु कुमार मंडल एकीकृत बिहार के समय से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रहे. उन्होंने वर्ष 1975 में जामा प्रखंड के चिकनिया प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के रूप में अपनी सेवा की शुरुआत की थी. वहां लगभग पांच वर्षों तक सेवा देने के बाद उनका तबादला मसलिया प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय गम्हरिया में हुआ. इसके बाद उन्होंने पिंडारी मध्य विद्यालय में करीब 15 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं और हजारों विद्यार्थियों को शिक्षित किया.

शिक्षा के प्रति समर्पण और अनुशासनप्रिय स्वभाव के कारण वे छात्रों और अभिभावकों के बीच काफी सम्मानित थे. बाद में उन्होंने राज्यकीयकृत मध्य विद्यालय जेरूवा में पांच वर्षों तक सेवा दी. इसके पश्चात अपने गृह प्रखंड फतेहपुर के आंगुठिया प्राथमिक विद्यालय में पदस्थापित हुए, जहां से वर्ष 2004 में सेवानिवृत्त हुए. उनके निधन से परिवार समेत पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. वे अपने पीछे धर्मपत्नी पूर्णिमा देवी, पुत्र महादेव प्रसाद मंडल एवं रामदेव प्रसाद मंडल सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. अंतिम संस्कार में कई ग्रामीण, शिक्षक एवं शुभचिंतक शामिल हुए.

यह भी पढ़ें: ईचागढ़ विधायक ने चांडिल में दो सड़कों का किया शिलान्यास, 3 करोड़ 33 लाख की लागत से बनेगी दोनों सड़कें