चक्रधरपुर में खुद को पुलिस बताकर रिटायर्ड रेलकर्मी से ₹5 लाख के आभूषण ठगे, जांच में जुटी पुलिस
रोहन निषाद/न्यूज11 भारत चाईबासा/डेस्क: पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर शहर में ठगों के हौसले बुलंद हैं. यहाँ पुलिस का खौफ दिखाकर एक रिटायर्ड रेलकर्मी से करीब 5 लाख रुपये के सोने के जेवर ठगने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. शातिर अपराधी पीड़ित को चकमा देकर सोने की चेन और अंगूठी लेकर रफूचक्कर हो गए. इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में काफी रोष और डर का माहौल है.
चेकिंग के नाम पर झांसा, रुमाल में रख दिए पत्थर मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे क्षेत्र के रिटायर्ड कॉलोनी निवासी प्रसाद जी किसी काम से बाजार निकले थे. जैसे ही वह कुसुमकुंज मोड़ के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार एक अज्ञात युवक उनके पास आकर रुका. उसने खुद को पुलिस का आदमी बताते हुए कहा, कि आगे चेकिंग चल रही है, शहर में लूटपाट और छिनतई की घटनाएं बहुत बढ़ गई हैं. इस तरह खुलेआम सोने के आभूषण पहनकर घूमना खतरे से खाली नहीं है.
अपराधी ने इतनी शालीनता और रौब से बात की कि पीड़ित उसकी बातों में आ गए. युवक के कहने पर प्रसाद जी ने अपने गले से सोने की चेन और उंगली से अंगूठी उतार दी. इसके बाद ठग ने सुरक्षा का नाटक करते हुए उन आभूषणों को एक खाकी कागज में लपेटा और रुमाल में बांधकर प्रसाद जी की जेब में रख दिया.
घर खोलते ही उड़े होश जब प्रसाद जी वापस अपने घर लौटे और तसल्ली से रुमाल खोलकर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. खाकी कागज के अंदर सोने के आभूषणों की जगह सिर्फ पत्थर के टुकड़े पड़े थे.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस पीड़ित के मुताबिक ठगे गए आभूषणों की बाजार में कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी जा रही है. घटना की आपबीती बताते हुए पीड़ित ने चक्रधरपुर थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने जांच तेज कर दी है. पुलिस कुसुमकुंज मोड़ और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बाइक सवार अपराधियों का सुराग लगाया जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को शिनाख्त कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पुलिस का सावधानी संदेश पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि सड़क पर चलते हुए किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं. पुलिस कभी भी रास्ते में आपके कीमती सामान या आभूषण उतरवाने का काम नहीं करती है. ऐसे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें.