जमडार पंचायत में पिछले दो दिनों से जंगली हाथियों क

गावां के जमडार पंचायत में दो दिनों से हाथियों का उत्पात जारी, महिला गंभीर घायल, दो विद्यालयों में तोड़फोड़, चावल नष्ट

संदीप बरनवाल/न्यूज़11 भारत  गावां/डेस्क: प्रखंड के जमडार पंचायत में पिछले दो दिनों से जंगली हाथियों का आतंक लगातार जारी है. हाथियों ने एक ओर जहां तारापुर गांव में एक महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया, वहीं दूसरी ओर दो सरकारी विद्यालयों का ताला तोड़कर वहां रखे मध्याह्न भोजन के चावल को खा लिया तथा कई बोरे फाड़कर चावल को परिसर में बिखेर दिए. जानकारी के अनुसार, हाथियों ने उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय रोलाकोचा एवं प्राथमिक विद्यालय पलमा का ताला तोड़कर विद्यालय में रखे चावल को नुकसान पहुंचाया. कई बोरे फाड़ दिए गए, जिससे बड़ी मात्रा में चावल बर्बाद हो गया. इसी दौरान जमडार पंचायत के तारापुर गांव में जंगली हाथी के हमले में सारो देवी (45 वर्ष), पति स्व. जागो मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गईं. 

बताया गया कि हाथी के हमले में उनका एक पैर टूट गया, जबकि हाथ में भी गंभीर चोट आई है. घटना के बाद ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गावां पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है. वन विभाग के फॉरेस्टर राजेंद्र प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला के पैर में फ्रैक्चर हुआ है तथा हाथ में भी चोट लगी है. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति जंगल की ओर न जाए और रात के समय बिना आवश्यकता घर से बाहर न निकले. साथ ही हाथियों की गतिविधियों की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की भी अपील की है. लगातार दो दिनों से हाथियों के उत्पात के कारण तारापुर पलमा, रोलाकोचा, डड्ढो समेत आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है. वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है.