राम आशीष सिंह बने पाकुड़ पुलिस एसोसिएशन के नए अध्यक्ष, 24 मतों से दर्ज की शानदार जीत
न्यूज़11 भारत पाकुड़/डेस्क: झारखंड पुलिस एसोसिएशन, पाकुड़ शाखा का चुनाव रविवार को जिला मुख्यालय स्थित एसोसिएशन कार्यालय में कड़े सुरक्षा इंतजाम और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. चुनाव प्रक्रिया झारखंड पुलिस एसोसिएशन द्वारा प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षकों की निगरानी में कराई गई. अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष के सभी पदों पर दो-दो प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ. स्क्रूटनी के बाद मतदान कराया गया, जिसमें जिले में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक, पुलिस अवर निरीक्षक, पुलिस निरीक्षक, मेजर और सार्जेंट ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
मतगणना में अध्यक्ष पद पर सबसे रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. राम आशीष सिंह ने 94 मत हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी चंदन कुमार सिंह को 24 मतों से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया. वहीं उपाध्यक्ष पद पर अनिल कुमार पंडित ने 112 मत प्राप्त कर द्वारिका नाथ तिवारी को 67 मतों से पराजित किया. सचिव पद पर सुराई तापे ने 89 मत हासिल कर रोहित कुमार भंडारी को 19 मतों से हराया. कोषाध्यक्ष पद पर अनंत राम ने 83 मत पाकर राजेश कुमार को 7 मतों से शिकस्त दी, जबकि संयुक्त सचिव पद पर मंगल किस्कु ने 87 मत प्राप्त कर हरे राम को 15 मतों से मात दी.
मतगणना के दौरान अध्यक्ष पद के 9, उपाध्यक्ष के 10, सचिव के 8, संयुक्त सचिव के 8 और कोषाध्यक्ष पद के 8 मत रद्द घोषित किए गए. नवनिर्वाचित अध्यक्ष राम आशीष सिंह ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता पुलिस पदाधिकारियों की समस्याओं का समाधान कराना, एसोसिएशन को और अधिक मजबूत बनाना तथा पुलिसकर्मियों के हितों और कल्याण से जुड़े मुद्दों को वरीय अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाना होगा. उन्होंने कहा कि साथियों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे. मतगणना पूरी होने के बाद पर्यवेक्षकों ने सभी विजयी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की. इसके बाद मौजूद पुलिस पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया. अंत में पर्यवेक्षकों ने सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.