झारखंड

रांची में नहीं थम रहा है प्रिंस खान का आतंक, बालाजी ज्वेलर्स के मालिक से मांगी गई 10 लाख रुपये की रंगदारी

न्यूज11 भारत  रांची/डेस्क: रांची में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. शहर में प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने और धमकी देने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला राजधानी के एक ज्वेलरी कारोबारी से जुड़ा है, जिसे व्हाट्सऐप मैसेज और कॉल के जरिए धमकियां दी गई हैं. जानकारी के अनुसार, रांची के बालाजी ज्वेलर्स के मालिक से प्रिंस खान के नाम पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है. आरोपी ने व्हाट्सऐप के माध्यम से धमकी भरा संदेश भेजा और पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी. बताया जा रहा है कि यह धमकी भरा मैसेज एक इंटरनेशनल नंबर से भेजा गया है, जिससे पुलिस के लिए मामले की जांच और भी चुनौतीपूर्ण हो गई है. पीड़ित व्यवसायी ने इस घटना की शिकायत लोअर बाजार थाना में दर्ज कराई है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.