दिशोम गुरू शिबु सोरेन की पहली पुण्यतिथि को लेकर तैयारियां तेज, प्रतिमा को दिया जा रहा अंतिम रूप
न्यूज11 भारत पाकुड़/डेस्क: झारखंड अलग राज्य आंदोलन के अगुआ एवं पद्मभूषण से सम्मानित दिशोम गुरू शिबु सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर 4 अगस्त को आयोजित होने वाले श्रद्धांजलि सभा एवं प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार और जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है.
झामुमो के सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, जिला समिति, प्रखंड समिति तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गांव-गांव और मोहल्लों में संपर्क कर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं. वहीं, पुराने उपायुक्त कार्यालय के समीप स्थापित की जा रही हैं दिशोम गुरू शिबु सोरेन की आदमकद प्रतिमा को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, उपाध्यक्ष समाद अली सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव, मिथिलेश घोष, प्रकाश सिंह, मुस्लेउद्दीन शेख, उमर फारूक प्रखंड अध्यक्ष मुस्लेउद्दीन शेख, इशहाक अंसारी, प्रसाद हांसदा, मो. जाबेद, अब्दुल अदुद, मोतीलाल हांसदा, महिला मोर्चा की जोसेफिना हेम्ब्रम, केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी, अनारूद्दीन मियां, मो. कमाल, जब्बार शेख, मुस्लेउद्दीन अंसारी, मुकेश सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं. आपके बताते चले कि 4 अगस्त को पूर्वाह्न 11:30 बजे पुराने उपायुक्त कार्यालय के समीप दिशोम गुरू शिबु सोरेन की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा. इसके बाद कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है.