भरनो के प्लस टू हाई स्कूल परिसर में गुरुवार को राज

भरनो में साइकिलों की खराब फिटिंग पर भड़के प्रमुख, 51 बच्चे बिना साइकिल लिए बैरंग लौटे

प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत भरनो/डेस्क: भरनो के प्लस टू हाई स्कूल परिसर में गुरुवार को राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘उन्नति का पहिया’ के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बसाईरटोली तथा राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय पंडारनी के कुल 51 बच्चे साइकिल लेने पहुंचे थे,लेकिन साइकिलों की फिटिंग और गुणवत्ता संतोषजनक नहीं होने के कारण बच्चों ने उन्हें लेने से इनकार कर दिया. सभी बच्चे बिना साइकिल लिए वापस लौट गए. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख पारस नाथ उरांव ने वितरण से पहले साइकिलों की जांच की. जांच के दौरान कई साइकिलों में गंभीर खामियां मिलीं. किसी साइकिल का पहिया ढीला था,किसी की चेन अत्यधिक टाइट थी,तो कई साइकिलों के हैंडल टेढ़े पाए गए. साइकिलों की स्थिति देखकर प्रमुख ने नाराजगी जताई और संबंधित सप्लायर कंपनी की कार्यशैली पर सवाल उठाए. प्रमुख पारस नाथ उरांव ने कहा कि बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली साइकिलों की फिटिंग ठीक ढंग से नहीं की गई है. ऐसी स्थिति में साइकिल देना बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ होगा. उन्होंने कहा कि सरकार की योजना का उद्देश्य बच्चों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा देना है, लेकिन खराब फिटिंग वाली साइकिलें बच्चों के लिए परेशानी और दुर्घटना का कारण बन सकती हैं. 

मौके पर मौजूद बच्चों ने भी बताया कि पूर्व में मिलने वाली साइकिलों को उपयोग में लाने से पहले मरम्मत करानी पड़ती है. बच्चों के अनुसार,साइकिल की फिटिंग और अन्य खराबियों को ठीक कराने में पांच से छह सौ रुपये तक खर्च हो जाते हैं. बच्चों ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह अतिरिक्त खर्च उठाना कठिन होता है. प्रमुख ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का सप्लायर कंपनी द्वारा मजाक उड़ाया जा रहा है. बच्चों को मिलने वाली साइकिलों को जैसे-तैसे फिटिंग कराकर वितरण के लिए भेज दिया जाता है और बाद में बच्चों को अपने खर्च पर उन्हें ठीक कराना पड़ता है. उन्होंने संबंधित लोगों से साइकिलों की सही तरीके से फिटिंग और गुणवत्ता जांच कराने के बाद ही वितरण सुनिश्चित करने की बात कही. साइकिलों की खराब स्थिति के कारण वितरण कार्यक्रम को फिलहाल रोक दिया गया. अब साइकिलों की सभी तकनीकी कमियों को दूर करने के बाद ही बच्चों के बीच उनका वितरण किया जाएगा. मौके पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी मंजू खाखा, बीपीओ सूरज लकड़ा,बीआरपी शमीम एजाज,पंचायत समिति सदस्य जहांगीर आलम,प्लस टू हाई स्कूल की प्रधानाध्यापिका वरदानी टोप्पो,सेलीना सांगा,ओंकार नाथ पांडेय,मनीष टंडन सहित स्कूली बच्चे एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे.