पलामू जिला अंतर्गत हुसैनाबाद थाना क्षेत्र की ग्राम

एक महीने से बिजली गुल, पानी और सिंचाई के लिए तरसे ग्रामीण, जर्जर तारों से हादसे का डर

न्यूज़11 भारत  पलामू/डेस्क: पलामू जिला अंतर्गत हुसैनाबाद थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत महुदंड में पिछले एक महीने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय निवासी विकास कुमार भारती ने पलामू के उपायुक्त महोदय को एक आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है. शिकायत में कहा गया है कि एक महीने से बिजली बाधित होने के कारण गांव में खेतों की सिंचाई का काम पूरी तरह रुक गया है, जिससे किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया है. इसके साथ ही ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है.

​गांव की समस्या सिर्फ बिजली कटौती तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वहां लगे बिजली के पोल और तार बेहद पुराने और जर्जर हो चुके हैं. ये जर्जर तार बार-बार टूटकर नीचे गिरते रहते हैं, जिससे हर समय ग्रामीणों और उनके मवेशियों की जान माल का खतरा बना रहता है. विकास कुमार भारती ने समस्त ग्रामीणों की ओर से उपायुक्त से विनम्र अनुरोध किया है कि बिजली व्यवस्था को सुचारू रूप से बहाल करने के लिए नए पोल गाड़े जाएं और पुराने जर्जर तारों को जल्द से जल्द बदला जाए. इस मांग का समर्थन करते हुए गांव के अनेक लोगों ने आवेदन पर अपने हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान दिए हैं, जिनमें यशवंत, राजा कुमार रवि, मणिकांत रंजन, नितीश कुमार रवि और वेदव्यानंद प्रभाकर शामिल हैं. ग्रामीण अब प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं.