सोशल मीडिया पर कट्टे के साथ फोटो डालना पड़ा भारी, हुसैनाबाद पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले की हुसैनाबाद थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक तस्वीर के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है. मामला तब प्रकाश में आया जब बीते 6 मार्च को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लवकुश पासवान नामक अकाउंट से एक फोटो साझा की गई, जिसमें एक व्यक्ति हाथ में हथियार लिए नजर आ रहा था. पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मामले की छानबीन की और आरोपी की पहचान हुसैनाबाद के शिवाबिधा निवासी 42 वर्षीय सरजु पासवान उर्फ सरजू राम के रूप में की. पुलिस की शुरुआती दबिश के दौरान आरोपी फरार होने में सफल रहा था, लेकिन सोमवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसके घर पर पुनः छापेमारी की. सघन तलाशी के दौरान कमरे के एक कोने में बालू के भीतर छिपाकर रखा गया एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया. पुलिस ने हथियार को जब्त करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है. इस मामले में हुसैनाबाद थाना में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या 53/26 दर्ज किया गया है. पुलिस की इस सफल छापामारी टीम में थाना प्रभारी चंदन कुमार के साथ मुकेश कुमार सिंह, रमण यादव, सोनू कुमार गुप्ता और उमेश बैठा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. गिरफ्तार आरोपी को कागजी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
यह भी पढ़ें: एनके–पिपरवार में CISF का मनाया गया 57 वां स्थापना दिवस, जवानों ने किया अनुशासित एवं आकर्षक परेड