जमीन विवाद के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
भरत मंडल/न्यूज 11 भारत गांडेय/डेस्क: अहिल्यापुर थाना पुलिस ने जमीन विवाद में दर्ज मारपीट के एक मामले के आरोपी को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में गिरिडीह जेल भेज दिया. गिरफ्तार आरोपी थाना क्षेत्र के चामलिट्टी गांव निवासी 35 वर्षीय कमलदेव मंडल है.
जानकारी के अनुसार पिछले माह चामलिट्टी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी. इस मामले में एक पक्ष के आवेदन पर अहिल्यापुर थाना में कांड संख्या 23/26 के तहत कमलदेव मंडल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के डर से आरोपी देवघर जिले के करौ गांव स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर में छिपकर रह रहा था. गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने करौ बाजार में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. गुरुवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में गिरिडीह जेल भेज दिया गया. वहीं, मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है.