आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण

मोहर्रम को लेकर मैक्लुस्कीगंज थाना में शांति समिति की बैठक संपन्न

मुमताज अहमद/न्यूज़11 भारत  खलारी/डेस्क: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को मैक्लुस्कीगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता खलारी थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर राम कुमार वर्मा ने की. बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राम कुमार वर्मा ने कहा कि मोहर्रम त्याग, सत्य, न्याय और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है. उन्होंने लोगों से पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की.

उन्होंने कहा कि समाज के बच्चों और आने वाली पीढ़ी को शिक्षा, ज्ञान, इंसाफ, अच्छे संस्कार तथा मानवीय मूल्यों की सीख देना जरूरी है. जाति, धर्म, भेदभाव और कट्टरता से ऊपर उठकर सभी को भाईचारे के साथ जीवन व्यतीत करना चाहिए. उन्होंने कहा कि मोहर्रम का संदेश लोगों को अच्छाई और बुराई के बीच अंतर समझने तथा सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है.

थाना प्रभारी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सावधान रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध सूचना, भ्रामक संदेश या विवाद की आशंका होने पर लोग स्वयं कोई निर्णय न लें, बल्कि तत्काल पुलिस अथवा प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी दें. बैठक में लपरा पंचायत की मुखिया पुतुल देवी, बशीर अंसारी, शेख वकील, मुकेश भुइयां, एजाज अंसारी, जाहिद अंसारी, अब्बास अंसारी, कलीम रिजवी, नंदू मेहता, तजमुल अंसारी, अजीज अंसारी, इनूस अंसारी, हरि प्रसाद गुप्ता, सुबोध कुमार रजक, जिसान खान, सिद्दीक अंसारी, आयुष कुमार, नरेंद्र साहू, मोहम्मद ताहीर, अनिल पासवान, फारुक नवाब तथा मैक्लुस्कीगंज प्रशासन के प्रतिनिधि सहित कई ग्रामीण एवं बुद्धिजीवी उपस्थित थे.