बकरीद पर्व को लेकर राजगंज थाना में शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील
उत्तम विश्वकर्मा/न्यूज़11 भारत राजगंज/डेस्क: आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को राजगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता कतरास इंस्पेक्टर रुस्तम अंसारी एवं थाना प्रभारी संजीव कुमार झा ने की.
बैठक में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, धर्मगुरु एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे. इस दौरान पर्व के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, ट्रैफिक व्यवस्था तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई.
थाना प्रभारी संजीव कुमार झा ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि बकरीद का पर्व शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं. उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया पर भड़काऊ एवं आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने की अपील की. बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए. वहीं मौजूद लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा मिल-जुलकर शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने का भरोसा दिलाया.
यह भी पढ़े: Ranchi Police Transfer: रांची पुलिस विभाग में फिर बड़ा फेरबदल, तीन इंस्पेक्टरों का तबादला