'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह

पाकुड़ एसपी ने ऑपरेशन 'मुस्कान' के तहत 28 लोगों को लौटाए उनके गुम हुए मोबाइल; खिल उठे लोगों के चेहरे

न्यूज़11 भारत  पाकुड़/डेस्क: पाकुड़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक अलग ही खुशी का माहौल देखने को मिला. 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने स्वयं अपने हाथों से 28 मोबाइल धारकों को उनके गुम व चोरी हुए फोन सुपुर्द किए. महीनों बाद अपना फोन सुरक्षित वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से दमक उठे और उन्होंने एसपी अनुदीप सिंह व पाकुड़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की.

एसपी अनुदीप सिंह बोले- जनता का विश्वास बढ़ाना ही प्राथमिकता

प्रेस वार्ता के दौरान एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि आम जनता के गुम हुए सामानों को वापस दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि दूरसंचार विभाग के CEIR Portal की मदद और पाकुड़ पुलिस की तकनीकी टीम के अथक प्रयास से जिले के विभिन्न थानों (पाकुड़िया से 10, महेशपुर से 7, मुफस्सिल से 3, नगर से 2, रद्दीपुर ओपी से 2, मालपहाड़ी ओपी से 2, अमड़ापाड़ा से 1 व लिट्टीपाड़ा से 1) से गायब हुए 28 मोबाइलों को ट्रैक कर बरामद किया गया है. एसपी ने यह भी आश्वस्त किया कि यह अभियान यहीं नहीं रुकेगा. चोरी या गुम हुए अन्य मोबाइलों की तलाश में पुलिस आगे भी इसी तरह काम करती रहेगी ताकि अधिक से अधिक लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाई जा सके.

जब अपने हाथों में मिला पुराना फोन, छलकी खुशी

एसपी कार्यालय में जब एक-एक कर मोबाइल धारकों के नाम पुकारे गए और एसपी अनुदीप सिंह ने उन्हें फोन सौंपे, तो लोगों ने राहत की सांस ली. कई लोगों ने कहा कि वे अपना फोन मिलने की उम्मीद पूरी तरह छोड़ चुके थे, लेकिन पाकुड़ पुलिस की इस पहल ने उनका भरोसा पुलिस प्रशासन पर और मजबूत कर दिया है.इस सफल अभियान में एसपी अनुदीप सिंह के मार्गदर्शन में नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनुप रोशन भेगरा, मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार, महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो सहित तकनीकी शाखा और CCTNS टीम के कर्मियों ने विशेष योगदान दिया.

इसे भी पढ़ें: झारखंड में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, 4-5 दिनों तक झमाझम बारिश के आसार