पाकुड़ पुलिस को हाथ लगी बड़ी सफलता, 48 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा कर किया दो आरोपियों को गिरफ्तार
न्यूज11 भारत पाकुड़/डेस्क: पाकुड़ पुलिस ने लिट्टीपाड़ा प्रखंड के सिमलोंग ओपी थाना क्षेत्र में हुई एक हत्या का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया है. एसपी अनुदीप सिंह ने जानकारी दी कि 28 मई 2026 को सिमलौंग ओपी थाना क्षेत्र के बड़ाचटकम स्थित एक जंगल से एक शव मिला था. इस संबंध में ओपी थाना में कांड संख्या 27/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.
घटना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक ने पाकुड़ एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया. इस टीम में लिट्टीपाड़ा प्रभाग के इंस्पेक्टर बाबूराम भगत, ओपी प्रभारी बलवंत दुबे, पुलिस अवर निरीक्षक दिलीप बास्की, मुन्ना प्रसाद और सहायक अवर निरीक्षक मृत्युंजय कुमार पाठक शामिल थे.
जांच के दौरान, मृतक की पहचान गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के राजभीठा निवासी सुनील पहाड़िया के रूप में हुई. मानवीय खुफिया जानकारी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए, टीम ने 48 घंटे के भीतर हत्या में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बड़ाचटकम निवासी जलीय पहाड़िया और धर्मा पहाड़िया के रूप में की गई है. पुलिस ने उनके पास से अपराध में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया है.
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उन्होंने बताया कि उनकी एक महिला से जान-पहचान थी. मृतक सुनील पहाड़िया शराब के नशे में उस महिला के बारे में आपत्तिजनक बातें कर रहा था, जिससे गुस्सा होकर उन्होंने पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: खोड़ाहर में 2.4 करोड़ की लागत से बनेगी पांच माइल-जतरा मेला सड़क, सांसद-विधायक ने किया शिलान्यास