पहाड़ी मंदिर कमेटी विवाद: हाईकोर्ट में अवमानना याचिका दायर, नई कमेटी की अधिसूचना को चुनौती
न्यूज11 भारत रांची/डेस्क: रांची स्थित पहाड़ी मंदिर की प्रबंधन व्यवस्था को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. झारखंड हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड द्वारा गठित नई कमेटी की अधिसूचना को चुनौती देते हुए पहाड़ी मंदिर विकास समिति ने झारखंड हाई कोर्ट में अवमानना याचिका दायर की है. यह याचिका अधिवक्ता अभय मिश्रा और आद्या मिश्रा के माध्यम से दाखिल की गई है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि न्यास बोर्ड ने हाई कोर्ट के पूर्व आदेशों की अनदेखी करते हुए एकतरफा कार्रवाई की और मौजूदा समिति को भंग कर नई कमेटी का गठन कर दिया. याचिकाकर्ताओं का कहना है कि अदालत ने पहले ही स्पष्ट निर्देश दिया था कि किसी भी प्रतिकूल निर्णय से पहले संबंधित समिति को सुनवाई का अवसर दिया जाए और विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन किया जाए. इसके बावजूद, बोर्ड ने बिना पक्ष सुने कार्रवाई कर दी, जो न्यायालय के आदेश का उल्लंघन है.