नदियों, तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ने

ओपी प्रभारी कौशलेंद्र कुमार ने नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगवाया, जहरीले जीवों से बचाव को लेकर जारी की एडवाइजरी

ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत  चंदनकियारी/डेस्क: लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण नदियों, तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ने से संभावित खतरे को देखते हुए अमलाबाद ओपी प्रभारी कौशलेंद्र कुमार ने शनिवार को क्षेत्र के विभिन्न नदी घाटों का निरीक्षण किया. उन्होंने दामोदर नदी के अमलाबाद घाट, बिरसा पुल एवं सीतानगला घाट का जायजा लेकर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की.

निरीक्षण के दौरान दामोदर नदी के अमलाबाद घाट पर लोगों को सतर्क करने के उद्देश्य से चेतावनी बोर्ड भी लगवाया गया. ओपी प्रभारी ने स्थानीय लोगों से अनावश्यक रूप से नदी में प्रवेश नहीं करने तथा बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की सलाह दी.

इस संबंध में ओपी प्रभारी कौशलेंद्र कुमार ने प्रेस के माध्यम से भी एक जन-जागरूकता संदेश जारी किया. उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण नदी, तालाब, कुएं एवं अन्य जलस्रोतों का जलस्तर अचानक बढ़ गया है, जिससे डूबने की घटनाओं की आशंका बनी हुई है. उन्होंने लोगों से अपने आसपास के ग्रामीणों एवं बच्चों को जागरूक करने और जलस्रोतों का उपयोग पूरी सावधानी के साथ करने की अपील की.

इसके साथ ही उन्होंने मानसून के दौरान सांप, बिच्छू एवं अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की संभावना को देखते हुए भी लोगों को सतर्क रहने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति को सांप या अन्य जहरीले जीव काट लें तो झाड़-फूंक में समय बर्बाद करने के बजाय तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचें. यदि अस्पताल तक पहुंचने की सुविधा उपलब्ध नहीं हो तो तुरंत डायल-112 पर संपर्क करें.

अमलाबाद ओपी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे स्वयं भी सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरूक कर मानसून के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव में सहयोग करें.